रविवार, 15 दिसंबर 2013



सुरमयी शाम थी ऐसी
हवा का झोंका इक आया
गिरी  जुल्फे उठीं कुछ यूँ
कि मौसम प्यार का आया।

सुनहरी रौशनी चंदा बिखेर
हौले से मुस्काया
सितारों ने जमी तक
प्यार का सन्देश फैलाया।

मचलते  बादलों ने मस्ती में
नरमी को दिखलाया
गुलाबी ठंढ की सिहरन
सभी के मन को भी भाया।

कि भौरा भी कली में
बंद हो मन ही में मुस्काया
मिला जो  प्यार उसको तो
मगन हो प्रेमरस पाया।




शनिवार, 23 नवंबर 2013

                                       
                              तरुण तेजपाल जैसे लोगों को क्या  सजा मिले ?


          तहलका के तरुणतेजपाल को क्या कहेंगे सभ्य नागरिक ? एक लड़की उनपर आरोप लगाती है और ख़बरें पुरे देश की  जनता देखती है कि एक प्रतिष्ठित व्यक्ति भी यौन शोषण का दोषी हो सकता है , आसाराम और उनके बेटे नारायण स्वामी की करतूत से जहाँ साधू समाज कलंकित हो गया है और लोगों का विश्वास साधू संतों पर से उठ गया है वहीं मिडिया के चर्चित नाम ने अपनी सीमा रेखा पार करते हुए ये बिलकुल नहीं सोंचा कि उसे पूरा देश घृणा की  नजर से देखेगा। महिलाएं अपने अधिकार के लिए लड़ती हैं और वो जानती हैं कि बड़े और ऊँची हैसियत वाले लोगों के खिलाफ खड़ा होना कितना चुनौतीपूर्ण होगा फिर भी हिम्मत ने उसे संघर्ष करने के लिए खड़ा  किया। सफलता कितनी मिलेगी और कितने लोग उसके सहायक होंगे कहा नहीं जा सकता लेकिन इतनी हिम्मत तो है जो उसने  अपनी बात लोगो के सामने रखी। वह एक अकेली लड़की नहीं है जिसे यौन शोषण का शिकार होना पड़ा बल्कि अनेकों लड़कियां रोज प्रताड़ित होती हैं अपने सहकर्मियों से या अपने बॉस से, पर कितनी विरोध करती हैं , इतनी हिम्मत उनमे नहीं है कि वे अपने शोषण के खिलाफ आवाज उठा सकें और यदि हिम्मत करती भी हैं तो घरवाले ही उन्हें चुप करा देते हैं , उसका साथ नहीं देते। 
                                            अपनी सोंच में अय्याशी शामिल कर खुद को समाज के सभ्य नागरिक मानने वाले ऐसे बहुत सारे लोगों की  करतूतें यदि  समाज में लायी जाय तो उनकी गन्दी छवि समाज भी जान ले। किसे पता था कि तहलका मचाने  वाले खुद एक दिन तहलका बन जायेंगे। 
                                           ऐसे लोगों से लड़ने के लिए सभी लोगों को सहयोगी बनना होगा क्योकि हर घर में महिलाएँ हैं और यदि कोई भी  महिला चाहे वो किसी भी घर की  हो शोषित होगी तो पूरी महिलाओं का अपमान होगा।  लड़ना तो जरुर होगा लेकिन सफलता तभी मिलेगी जब समाज के सभी लोग साथ रहे।  

बुधवार, 30 अक्तूबर 2013

हमारी बेटियाँ

हमारी बेटियाँ  

 रूप लेकर लक्ष्मी का
  जन्म लेती बेटियाँ
स्वयं गढ़ती भाग्य अपने                            
  सघर्ष करके बेटियाँ  
 कम न आँको उनको 
तेज ऐसा रखती बेटियाँ 
 वक्त आये तो बन जाती 
रानी झाँसी जैसी बेटियाँ 
  है जुनून ऐसा कि 
इतिहास  रचती बेटियाँ 
 तोड़ परम्पराओं को 
बेटों से आगे बेटियाँ। 



                                                                 महारानी लक्ष्मी बाई की तस्वीर
 इस  दीवाली संकल्प लें कि हम बेटियों को बचाएँगे और उन्हें खूब आगे बढायेंगे। 














                                                                                                   




                                                                                                          

सोमवार, 26 अगस्त 2013

  क्यों हुई वह लड़की ?

पुनः ख़बरों में है एक बेटी
लुटी अस्मत, मौत से लड़ती 
सवाल खड़ा करती
कब तक सहती रहेगी
कही न कही एक बेटी
आवाज उठाने वाले
हर तरफ है तैयार
कानून भी है बनकर तैयार
लेकिन क्या बच सकेगी बेटी?


सवालों से घिरी है चुनौती 
क्या कानून, पुलिस, सरकार 
दे सकते हैं उसे जबाब 
 जब वह अन्दर से घुटेगी 
अपनी बेबसी पर कोसेगी 
कि क्यों हुई वह लड़की ........................?

शुक्रवार, 26 जुलाई 2013

अधखिली कली




पहाड़ी के पीछे 
दिख रही थी 
एक अधखिली कली
सकुचाई, थोड़ी सिमटी 
बाहर  आने को आतुर 
अपने स्वरुप को तराशती 
हवा के संग झूमती 
बादलों की ओर देखती 
मोहक मुस्कान बिखेरती …………….  

अभी कल ही तो खिली थी 
आज तोड़  ली गयी 
खिलने से पहले ही 
नीले आसमान ने देखा 
उसकी बेबसी , लाचारी 
बादलों ने गरज कर की 
विरोध की तैयारी 
कड़कती बिजलियों ने 
शोर भी मचायी ………. 

सब कुछ व्यर्थ 
अनछुई न रह पायी 
पहाड़ी के पीछे 
अब नहीं रही 
अधखिली कली …………… 


मंगलवार, 2 अप्रैल 2013

एक परी ...........

एक परी ...........
         
          झील की निर्मलता की 
              ओढ़नी ओढ़ 
         हिरनी सी कुलाँचे भरती 
              लगाती दौड़ 
         मोरनी सी नाच उठती 
             देख बादलों की ओर 
         हवाओं सी बह उठती 
             उष्णता छोड़ 
         अमराइयों में गा उठती
             कोयल सी रोज 
        चंदा से मांग लेती 
           चांदनी की ओज 
        खिलखिलाती हँस पड़ती 
           बैठ अम्मा की गोद 
       एक परी बन के आई 
           बिटिया इक  रोज .............


उन्नति के जन्मदिन पर  

मंगलवार, 19 फ़रवरी 2013

                            


एक कहानी सच्ची है पर ....................

समाज में आज एक ही बात अधिक चर्चा में है कि अपनी बेटियों को कैसे सुरक्षित रखते हुए बेहतर शिक्षा दी जाय । बेटियों को आगे भी बढ़ाना है और गलत कदम वो न उठायें यह भी देखना है , इसके साथ ही गन्दी नियत रखने वालों से उन्हें बचाना भी बेहद जरुरी है क्योंकि दामिनी के साथ जो हुआ वो सभी को जगा  गया ।
आज मैं जो भी लिख रही हूँ वो एक अलग कहानी है  और मैं उससे बहुत  ही व्यथित  हूँ , समझ में नहीं आता कि मैं अपने दिमाग से ये बात कैसे हटा लूँ। किसी कारणवश  मैं ये तो नहीं बता सकती कि ये बात कहाँ की है लेकिन इतना जरुर बता सकती हूँ  कि बिलकुल सच है । 

मैं हाल ही में वहां से लौटी हूँ और तभी से चाहती हूँ काश! वो लड़की जल्दी ही मर जाए ।शायद आप सोंचते होंगे कि कोई पीड़ित लड़की होगी लेकिन ये बात नहीं है , ये लड़की समाज के लिए कलंक है और उसके शर्मनाक हरकतों से घिन्न आती है । मेरे सामने पैदा हुई लड़की आज सेक्स रैकेट चलाती है जबकि हम बेटियों की सुरक्षा के लिए चिंतित हैं और ये प्रार्थना करते हैं कि किसी भी घर की बेटी के साथ दामिनी जैसा हादसा न हो लेकिन ये बेटी स्वयं इस दलदल में फँसी है और घर के लोगों के विरोध को स्वयं पर अत्याचार करार देती है । पता नहीं उसे ये काम क्यों अच्छा लगता है शायद पैसे और आधुनिक सामानों की चाहत । जब वो छोटी थी तो मेरे घर आती थी अपनी बुआ के साथ । लड़की की दादी बहुत ही संभ्रांत महिला थी जो अब जीवित नहीं रही । उसके सभी रिश्तेदार अच्छे  हैं लेकिन इसके घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी । उसकी बुआ उसे ब्यूटी पार्लर में काम सीखने के लिए भेजी और संभवत: वही  से वह  गलत संगत में पड़  गयी । संभवत: आधुनिक जीवनशैली की चाहत ने उसे इस ओर  धकेल दिया है ।

आज वो लड़की शराब पीकर कहीं भी पड़ी रहती है । जो लोग बोलते हैं या उसे किसी भी वजह से डांटते हैं वो पुलिस के पास रेप केस में उन्हें फसाने की धमकी देती है । आस - पास के सभी लोग उसकी करतूत जानते है लेकिन  किसी को हिम्मत नहीं है उसके खिलाफ आवाज उठाने की । परिवार वाले उसे समझा कर थक चुके है और उसे उसके हाल पर छोड़ दिए हैं ।

सवाल ये है कि मेरी नजर में वो एक लड़की है लेकिन उस जैसी हजारों-लाखों लडकियाँ अपने अस्तित्व को यूँ ही  ख़राब कर रही है और समाज यूँ ही मूकदर्शक बन कर बैठा है । चर्चाएँ तो सभी घरों में  होती हैं लेकिन कोई मजबूत हाथ  अभी तक नहीं उठा है इस मुद्दे पर । किसी में हिम्मत नहीं है कि समाज से इस गन्दगी को दूर कर सके । उसकी धमकी और कानून के डर  ने सबके मुंह बंद कर रखे हैं लेकिन इस  समस्या का समाधान नहीं होने पर छोटी बच्चियों पर इसका असर ख़राब होगा और ये भी हो सकता है कि उसके माध्यम से छोटी बच्चियों को अगवा कर जबरन इस धंधे में धकेला  जाय । काश ! कोई आगे बढ़ कर इस समस्या का समाधान करे ....................



शुक्रवार, 1 फ़रवरी 2013

एक सवाल बन गयी है अमानवीयता

                     एक सवाल बन गयी है अमानवीयता 

एक लड़की  जो  पुरुषों के अत्याचार से असमय  ही मौत के आगोश में चली गयी पर  वो अकेली नहीं थी जो क्रूरता का  इतना अधिक शिकार बनी बल्कि ऐसी अनेक लड़कियां भी उसी की तरह अमानवीयता की शिकार बनी और अभी भी बनती जा रही हैं ।  हम सभी मानसिक रूप से दुखी हैं और  प्रार्थना  करते है कि फिर किसी भी लड़की को दामिनी की  तरह ............शब्द नहीं हैं । हम चाह  कर भी कुछ लिख नहीं पा रहे हैं । इस घटना ने इतना दर्द दिया कि शब्द  ही खो  गए  हैं, पर  जाते - जाते वो समाज को ज़गा गयी । आज हर घर से इस तरह की घिनौनी हरकत के खिलाफ आवाज उठ रही है ।
                       
                         विकास की दौड़ में हम आगे तो बढ़ते जा रहे हैं लेकिन ये भी सही है कि  मानवता मरती जा रही है , इंसानियत   पीछे   छूटती   जा रही है ।  रोज - रोज लड़कियों और महिलाओं पर अत्याचार होते जा रहे हैं और अफसोस  के दो बोल के बाद हम आगे बढ़ जाते हैं । क्या हमारी नैतिक जिम्मेदारी यहीं तक है?                         

                       जिन्दगी के  उलझते तारों में जकड़ते हुए हम  से स्वयं से कब दूर होते चले गए , पीछे मुड़कर देखें भी तो क्या ...............सारे रस्ते तो हमने ही बंद किये हैं । मनोरंजन के नाम पर फूहड़ता जब हम देखना पसंद करते हैं तभी तो दिखाई जाती है । यदि नंगी अभिनेत्री का नाच हमें भाता  है  और हम उसे मुंहमांगी  रकम देते हैं तभी तो  वो नाचती है । क्या दर्शकों  में से कोई उसके नंगे बदन को ढकने की कोशिश करता है , नहीं न ?  इसमें  दोष दिखाने वाले का ही तो नहीं है  , देखने वाले का भी है । पिता यदि  बच्चों के  सामने सामने नैतिकता त्याग देगा तो उसका बच्चा उससे भी आगे बढेगा , लेकिन   इतना सोचने   की  फुरसत किसे है , वक्त आएगा तो देखेंगे , यही सोंच हमारी बन  चुकी है।

                         दोष तो लड़कियों के आधुनिक पहनावे पर आराम से लगाया जा सकता है लेकिन क्या पूरा बदन ढंके लड़की हवस का शिकार नहीं बनी है ? हमारे पास सवाल भी है और जबाब भी, पर चिंतन , मनन की फुरसत  कहाँ है ? आरोप लगाकर आगे बढ़ जाना यहीं तक तो सीमित  रह गए है हम ।  

                       मनोविकारों के जन्म लेने के कारण कहाँ छिपे हैं ये जानने की कोशिश तो हमें ही  करनी होगी । जो समाज बच्चे के जन्म के साथ ही उत्सवों में शामिल हो जाता है और उस बच्चे के जीवन के समस्त उत्सवों का सहभागी होता है , वह समाज उस बच्चे के नैतिक विकास का जिम्मेदार भी होता है । कब उस बच्चे में मनोविकार पैदा हो गया , इसका जबाब इसी समाज में ही छिपा हुआ  है । प्रेम विवाह करने वाले जोड़ों को सजा  देने में  तो समाज आगे रहता है लेकिन  क्या यही समाज एक लड़के के कुमार्ग पर चलने की सजा नहीं दे सकता ?

                        एक लड़की यौवन की दहलीज पर कदम रखते ही सबकी नजरों में चढ़ जाती है , उसकी हर अदा आँखों में चुभने लगती है और किसी न किसी घर से लांछन की आवाज निकल ही जाती है लेकिन वही काम यदि लड़का करता है तो उसे पूरी आजादी रहती है क्योंकि यही कहा जाता है कि वो तो लड़का है । लड़के को सजा के बदले बढ़ावा मिलता है और यदि लड़की उस लड़के के छेड़ - छाड़ की शिकार बनती है तो उसे चाहरदीवारी में कैद कर दिया जाता है शादी होने तक । क्या समाज की जिम्मेदारी यही है ?

                        वक्त आ गया है कि सभी को जागना है । सभी के घर में भविष्य की पीढ़ी पल रही हैऔर उसे नैतिकता का पाठ हमें ही पढ़ाना  है ।

                       हमें यह कदम उठाना होगा कि .............................
---जब बेटी घर से बाहर जाय तो निर्भीक और सावधान होकर जाए ।
---अपनी हर बात घर में शेयर करे ।
---माता - पिता उसके सबसे अच्छे  दोस्त हो ।   
---लड़के घर की महिलाओं की इज्जत करें ।
---जिस घर में महिलाओं का सम्मान होता है उस घर के बच्चे भी महिलाओं का सम्मान करते हैं ।
---हर बहन अपने भाई से यह वचन ले कि वो किसी भी लड़की के साथ गन्दी हरकत नहीं करे ।
---गन्दी भावनाओं को दूर करने कोशिश करें ।
---बेटा यदि घर में क्रूरता का व्यवहार करे तो समझ लेना चाहिए कि उसे परिवार के सहयोग की जरुरत है ।
---प्रेम संबंधों पर खुल कर बात करें ।
---आधुनिकता आज की जरुरत है लेकिन फूहड़ता नहीं ।
---लड़की जींस में भी सभ्य  ही होगी लेकिन अंगों का प्रदर्शन उसके मन की विकृति है ।   

                       इसके अलावे बहुत सारे ऐसे उपाय हैं जो हमें परिस्थितिवश उठाने होंगे क्योंकि नैतिकता का पाठ हमें ही पढ़ना होगा अपने बच्चों को तभी वे समाज के सभ्य नागरिक बन सकते हैं। अमानवीयता की हरकत  करने वाले बच्चे हमारे ही समाज के किसी घर के चिराग होते हैं और उन्हें सुधारना हमारी ही जिम्मेदारी है ।